मुजरिया (बदायूं)। थाना मुजरिया पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कैन्टर वाहन, डीजल से भरे टैंक, पाइप और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 14/15 मार्च की रात थाना मुजरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी खालिद पुत्र अलाउद्दीन निवासी ग्राम शेखपुर खिचरा थाना धौलाना जनपद हापुड़ को ग्राम नंगला भिंड के पास बने यात्री शेड के निकट से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से कैन्टर गाड़ी नंबर UP23AT6860 (सीएनजी), दो प्लास्टिक टैंक (प्रत्येक 500-500 लीटर), एक 200 लीटर का प्लास्टिक ड्रम जिसमें करीब 50 लीटर डीजल, तीन प्लास्टिक पाइप, एक बड़ा पेचकस और तीन प्लास्टिक की बाल्टियां बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को वादी बृजेश पुत्र जियालाल निवासी ग्राम जलालपुर थाना भोजीपुरा जनपद बरेली ने अपने ट्रक नंबर यूपी 82 पी 9783 की टंकी का लॉक तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में थाना मुजरिया में मुकदमा संख्या 28/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान खालिद के अलावा अनवार पुत्र सैद निवासी ग्राम हर्रा थाना सरूरपुर जनपद मेरठ, वसीम पुत्र इश्तियाक निवासी ग्राम सिवाल खास थाना जानी जनपद मेरठ तथा शहजाद पुत्र अख्तर निवासी ग्राम सिवाल खास मोहल्ला चुहियावाला थाना जानी जनपद मेरठ के नाम भी सामने आए हैं। इनमें से खालिद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और चोरी जैसे मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार शर्मा ने अपनी टीम के साथ अंजाम दिया।
Budaun Amarprabhat