Breaking News

बदायूँ में ‘पॉलीटेक्निक चलो अभियान’ को मिला रफ्तार, मंत्री ने कसी कमर; 780 किलो उठाने वाले प्रवक्ता का सम्मान

Spread the love

संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूँ
बदायूँ। तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे ‘पॉलीटेक्निक चलो अभियान-2026’ को लेकर प्रदेश सरकार अब पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रही है। रविवार को सर्किट हाउस में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने विभागीय अधिकारियों के साथ अभियान की गहन समीक्षा की और इसे और तेज करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने जनपद के तीनों राजकीय पॉलीटेक्निक—बदायूँ, अलापुर और समदा सहसवान की संयुक्त प्रगति रिपोर्ट पर संतोष जताते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर ज्यादा से ज्यादा छात्रों को जोड़ा जाए।
अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार अब तक जिले में 145 विद्यालयों और 76 गांवों/ब्लॉकों में पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया गया है। इस दौरान 7783 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से करीब 2000 छात्र पॉलीटेक्निक प्रवेश के लिए पंजीकरण भी करा चुके हैं। मंत्री ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद लखनऊ की वेबसाइट पर 30 अप्रैल 2026 तक अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसी दौरान कार्यक्रम में एक खास पल तब देखने को मिला जब राजकीय पॉलीटेक्निक बदायूँ के पेंट टेक्नोलॉजी विभाग के प्रवक्ता प्रदीप कुमार को उनकी शानदार खेल उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने चंडीगढ़ में आयोजित ‘ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज पावरलिफ्टिंग 2025-26’ में 105 किलोग्राम वर्ग में कुल 780 किलो वजन उठाकर रजत पदक जीता है। मंत्री ने उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बैठक में राजकीय पॉलीटेक्निक बदायूँ के प्रधानाचार्य एस.के. आज़ाद, विभागाध्यक्ष विवेक कुमार, प्रवक्ता रितुराज सिंह व अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने सर्किट हाउस में स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की और इसके बाद मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बिल्सी में फॉगिंग न होने से बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, रातभर परेशान हो रहे लोग

Spread the loveबिल्सी, बदायूं। नगर में लंबे समय से फॉगिंग नहीं होने के कारण मच्छरों …

error: Content is protected !!