बिसौली। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अबरार अहमद ने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर नगर की सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
बुधवार को आयोजित बैठक में पालिका अध्यक्ष ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाए और 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, कीटाणुनाशक दवाओं के छिड़काव तथा कांवड़ मार्ग पर मूलभूत सुविधाएं बेहतर रखने पर विशेष जोर दिया। उनका कहना था कि यात्रा के दौरान यदि किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो पालिका की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की समस्या का समाधान करेगी।
पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रधान लिपिक मशकूर खान, लिपिक राजीव कुमार, यशोदा नंदन, सफाई नायक राजेश बाबू, अजय कुमार, विक्रम, शिवम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat