ओरछी। थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे का दावा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर आसफपुर रोड से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रमोद बाल्मीकि पुत्र रामचंद्र, निवासी ग्राम कुवरावत, थाना बेहटा गोकुलपुर, जनपद हरदोई बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक जोड़ी झाले, तीन जोड़ी बिछुए, दो जोड़ी खड़ुए और तीन जोड़ी पायल बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी राजेश उर्फ कमती पुत्र मिश्रीलाल, निवासी बड़खर, थाना मोहम्मदी, जनपद लखीमपुर खीरी का नाम भी बताया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पर वजीरगंज और बिनावर थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने का संदेह है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस बीच कुछ पीड़ित परिवारों का कहना है कि चोरी की वारदात के दौरान पांच-छह लोग शामिल थे। वहीं पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष कुमार, चौकी प्रभारी ओरछी रविंद्र सिंह राणा, कांस्टेबल कलीम खान तथा कांस्टेबल विनीत कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Budaun Amarprabhat