पुलिस परिवार के बच्चों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए आयोजित हुआ मार्गदर्शन सत्र
डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक सेवा के साथ बेहतर इंसान बनने का दिया गया संदेश
बदायूं। अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के क्रम में, पुलिस लाइन्स बदायूं स्थित सभागार में ‘वामा सारथी’ (उत्तर प्रदेश पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में पुलिस परिवारों के बच्चों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक विशेष करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जुलाई 2026 माह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला विज्ञान क्लब, बदायूं के समन्वयक विवेक जौहरी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक एकाग्रता बढ़ाने, स्वस्थ रहने तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को मजबूत करने के संबंध में उपयोगी प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
विशेषज्ञ वक्ताओं ने छात्रों को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार करियर चुनने के कई महत्वपूर्ण मार्ग सुझाए जिनमें शीघ्र रोजगार प्राप्त करने के लिए कक्षा 8 के उपरांत आईटीआई प्रशिक्षण लेने की सलाह दी गई। कक्षा 9 व 10 के उपरांत बेहतर रोजगार के अवसरों हेतु जीटीआई से जुड़ने के विकल्प बताए गए। डॉक्टर बनने के लिए कक्षा 11 और 12 में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों को तन्मयता से पढ़कर नीट परीक्षा में सम्मिलित होने की जानकारी दी गई।
वहीं इंजीनियर बनने हेतु 11वीं व 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमैटिक्स की तैयारी कर जेईई परीक्षा पास करने का मार्गदर्शन दिया गया। चार्टर्ड अकाउंटेंट या बैंकर बनने के लिए वाणिज्य विषय में अध्ययन करने पर जोर दिया गया। रोजगार के साथ-साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एनआईओएस के विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
मुख्य वक्ता विवेक जौहरी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में युवाओं को सीख देते हुए कहा कि आप पढ़-लिखकर बड़े डॉक्टर, इंजीनियर या प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी बनें, लेकिन उससे पहले एक अच्छे इंसान जरूर बनें। अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए हमेशा मानवता के कल्याण के लिए कार्य करें।
इसके साथ ही, पुलिस मॉडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य शैलेंद्र बत्रा ने विद्यार्थियों को मेडिकल और हेल्थकेयर सेक्टर के उभरते हुए पैरामेडिकल कोर्सेज के बारे में विस्तार से समझाया।
Budaun Amarprabhat