Breaking News

विकास के दावों की पोल खोल रहा कटघर गांव, मुख्य रास्तों पर जलभराव

Spread the love

विकास के दावों की पोल खोल रहा कटघर गांव, मुख्य रास्तों पर जलभराव और जानलेवा गड्ढों से ग्रामीणों का जीना मुहाल
बिसौली। क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कटघर इन दिनों प्रशासनिक दावों और विकास की पोल खोलती नजर आ रही है। गांव में व्याप्त भयंकर गंदगी और मुख्य रास्तों पर जलभराव के कारण ग्रामीणों का जीवन नारकीय हो गया है। स्थिति इतनी दयनीय है कि जल निकासी के अभाव में मुख्य मार्ग गहरे और जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं, जो आए दिन बड़े हादसों को न्योता दे रहे हैं।
ग्रामीणों का दर्द है कि मुख्य रास्तों पर महीनों से गंदा पानी भरा हुआ है। सड़कों पर जलभराव के कारण गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसकी वजह से मोटरसाइकिल सवार, साइकिल चालक और पैदल राहगीर फिसलकर गंभीर रूप से चोटिल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी का सामना स्कूल जाने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों को करना पड़ रहा है। कीचड़ भरे रास्तों से गुजरते वक्त बच्चों की यूनिफॉर्म खराब हो जाती है और कई बच्चे गिरकर घायल भी हो चुके हैं, जिससे अभिभावकों में शासन-प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि इस विकट समस्या को लेकर कई बार स्थानीय ग्राम प्रधान व संबंधित पंचायत अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। ग्राम प्रधान की कथित अनदेखी और लचर व्यवस्था के चलते ग्रामीणों को इस अस्वच्छ वातावरण में जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। साफ-सफाई के घोर अभाव के कारण अब गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का भी खतरा मंडराने लगा है।
कटघर गांव के आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही सुध लेते हुए जलभराव से मुक्ति नहीं दिलाई और मुख्य रास्तों की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया, तो वे मजबूरन जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। अब देखना यह है कि खबर सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन कल, जनपद की छहों विधानसभाओं में जुटेगी सांगठनिक ताकत

Spread the loveभाजपा की कार्यशैली में बूथ अध्यक्ष का स्थान सर्वोपरि : राजीव कुमार गुप्ता …

error: Content is protected !!