Breaking News

एचपीवी टीकाकरण जागरूकता अभियान के तहत बाबा इंटरनेशनल स्कूल में छात्राओं को किया गया जागरूक*

Spread the love

संवाददाता
बिल्सी। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के अंतर्गत बाबा इंटरनेशनल स्कूल, बिल्सी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी की चिकित्सक टीम द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 14 वर्ष आयु वर्ग की पात्र छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन के महत्व से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में सीएचसी बिल्सी से चिकित्सा अधीक्षक डा० अनिल कुमार शर्मा, डा पीके शर्मा तथा ए.एन.एम. व काउंसलर मिराज बी व सुमन शर्मा आदि ने छात्राओं को सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से बताया कि एचपीवी वायरस सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है तथा समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने छात्राओं को टीकाकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं, इसके लाभ, सुरक्षा एवं आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
चिकित्सक दल ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पूर्णतः निःशुल्क संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 14 वर्ष की वे छात्राएं जिन्होंने अभी 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है, पात्र हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी सहमति प्रदान कर अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण का लाभ अवश्य दिलाएं, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि पात्र छात्राएं अपना सहमति-पत्र (आवेदन) निर्धारित समय तक विद्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। अभिभावक चाहें तो U-WIN पोर्टल पर स्वयं पंजीकरण (Self Registration) कर सकते हैं अथवा टीकाकरण स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी पंजीकरण कराया जा सकता है। टीकाकरण के समय मोबाइल नंबर एवं आयु प्रमाण के रूप में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड अथवा स्कूल आईडी कार्ड में से कोई एक दस्तावेज साथ लाना आवश्यक होगा।
विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम न केवल छात्राओं में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी बढ़ाते हैं, बल्कि अभिभावकों को भी समय रहते सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभिभावक को एचपीवी टीकाकरण से संबंधित कोई शंका या प्रश्न हो तो वे विद्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना तथा स्वस्थ जीवन के लिए समय पर टीकाकरण के महत्व को समझने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने सीएचसी बिल्सी की चिकित्सक टीम का आभार व्यक्त करते हुए इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में उनके सहयोग की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा |


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

टीएमयू के रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट सेंटर का एक बरस बेमिसाल, सौ प्लस मरीजों ने अपने अनुभव किए साझा

Spread the love ख़ास बातें टीएमयू के रोबोटिक ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सेंटर की प्रथम वर्षगांठ पर …

error: Content is protected !!