Breaking News

गंगा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा टला, डबल डेकर बस में पीछे से घुसा तेज रफ्तार कंटेनर

Spread the love

परिचालक गंभीर रूप से घायल
कुंवरगांव। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेस-वे पर बीती गुरुवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बिनावर से वजीरगंज की ओर जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में कंटेनर का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बच गए। समय रहते पुलिस के पहुँचने और राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली कि गंगा एक्सप्रेस-वे पर ग्राम हसनपुर के सामने एक सड़क दुर्घटना हो गई है। सूचना मिलते ही कुंवरगांव थाना प्रभारी राजेश कौशिक तत्काल अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे।
जांच में पता चला कि बिनावर से वजीरगंज की तरफ जा रही डबल डेकर बस में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने टक्कर मार दी थी। इस टक्कर से कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार परिचालक मुकीम पुत्र नन्हे (निवासी जिला मुरादाबाद) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलाई और घायल परिचालक मुकीम को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। दूसरी ओर, पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि बस में बैठे सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी यात्री को खरोंच तक नहीं आई है।
दुर्घटना के बाद बस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया, जबकि बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ कंटेनर मौके पर ही खड़ा रहा। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुँचकर सुचारू करा दिया।
फिलहाल घटनास्थल पर पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है। क्षतिग्रस्त कंटेनर को हटाने के लिए क्रेन मंगाई जा रही है, जिसे रास्ते से हटवाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

राजस्व वसूली बढ़ाए, लक्ष्यों को करें प्राप्त

Spread the loveबदायूं : अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व त्रिभुवन ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी …

error: Content is protected !!