नन्हे विद्यार्थियों को सौंपी गई पर्यावरण और संरक्षण की जिम्मेदारी
बदायूं। स्थानीय मदर एथीना स्कूल में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अनूठे समारोह में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूक और उत्तरदायी बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण पदों से विभूषित किया गया। विद्यार्थियों ने बड़े ही उत्साह और प्रसन्नता के साथ अपने नए पद और दायित्वों को ग्रहण किया।
इस समारोह के दौरान विद्यालय के बच्चों को प्रकृति और संसाधनों के संरक्षण से जुड़े विशेष नाम वाले पद सौंपे गए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे – ‘ग्रीन गॉर्जियन’: प्रकृति को सुंदर और हरा-भरा तथा सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी। ‘वेस्ट वॉरियर’: विद्यालय और आसपास स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने वाले प्रहरी। ‘वाटर वॉचर’: पानी को संरक्षित करने तथा इसके दुरुपयोग को रोकने वाले निगरानीकर्ता। ‘इलेक्ट्रिसिटी सेवर’: बिजली और विद्युत ऊर्जा के संरक्षण का संदेश देने वाले छात्र। सभी छात्र-छात्राओं ने अपने इन दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका महोदया चयनिका सारस्वत ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाल्यावस्था से ही बच्चों को इस प्रकार के उत्तरदायित्व सौंपने से उनमें जीवन के बड़े कार्यों को वहन करने की क्षमता विकसित होती है। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास का संचार होता है।
उन्होंने आगे कहा कि जब विद्यार्थी अपनी अकादमिक पढ़ाई के इतर ऐसी रचनात्मक और सहगामी गतिविधियों में सहभागिता करते हैं, तो वे आनंदित होने के साथ-साथ भविष्य के एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक के रूप में तैयार होते हैं। समारोह का यह आयोजन बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा।
Budaun Amarprabhat