गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित अंतर्मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता (टैलेंट हंट शो) के ग्रैंड फिनाले में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
ग्रैंड फिनाले में विजेता प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने विजेताओं एवं निर्णायक मंडल को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार, वरिष्ठ अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवो) की अध्यक्ष मीनाक्षी बोरवणकर, संगठन की सदस्याएं, यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे पर इस प्रकार का आयोजन एक अभिनव पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम रेल परिवार और उनके बच्चों की प्रतिभा को निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा अभिभावकों के योगदान की भी प्रशंसा की।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में इस प्रकार की प्रतियोगिता पहली बार आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों, विशेषकर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभाओं को एक सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों और उनके परिवारों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ रेल परिवार की एकजुटता को भी मजबूत करेंगे।
ग्रैंड फिनाले में कविता पाठ, वादन, शास्त्रीय एवं सुगम गायन, मैजिक शो, लोक नृत्य, उपशास्त्रीय नृत्य, समूह नृत्य तथा शास्त्रीय नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आसिफ जहीर एवं रचना श्रीवास्तव ने किया।
Budaun Amarprabhat