चौड़ीकरण कार्य की धीमी गति और सड़क किनारे सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
बिल्सी (बदायूं)। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर सोमवार देर रात सिद्धपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास एक कार बेकाबू होकर खाई में पलट गई। हादसे में कार चला रहे मुरादाबाद निवासी राहुल कुमार को चोटें आईं, जबकि वह बाल-बाल बच गए। कार को काफी नुकसान पहुंचा। बाद में जेसीबी की मदद से कार को खाई से बाहर निकाला गया।
राहुल कुमार मार्केटिंग का काम करते हैं। वह इस्लामनगर में काम खत्म करने के बाद कार से बदायूं जा रहे थे। सिद्धपुर के पास सामने से एक वाहन आने पर उसे बचाने के प्रयास में उन्होंने कार सड़क से नीचे उतारने की कोशिश की। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
धीमी गति से चल रहा चौड़ीकरण कार्य
बिजनौर-बदायूं हाईवे पर इन दिनों चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। सड़क किनारे निर्माण कार्य और सुरक्षा संबंधी इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। क्षेत्र में चौड़ीकरण का काम धीमी गति से होने के कारण आवागमन में भी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने और सड़क किनारे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Budaun Amarprabhat