पुलिस स्मृति व राष्ट्रीय एकता दिवस पर हुआ आयोजन
बदायूं।पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में ‘राष्ट्र में पुलिस की भूमिका’ विषय पर एक भव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘वामा सारथी’ (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में किया गया।
प्रतियोगिता का संचालन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं वामा सारथी की अध्यक्षा अंकिता शर्मा के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को खाकी वर्दी के त्याग, सेवा और राष्ट्र निर्माण में कानून व्यवस्था की महत्ता से रूबरू कराना रहा।
आयोजन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पुलिस मॉडर्न स्कूल, शिव देवी इंटर कॉलेज तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपने विचार, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपने प्रस्तुतीकरण के जरिए यह दर्शाया कि किस तरह पुलिस बल आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखकर देश की एकता व अखंडता की रक्षा करता है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव एवं प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण व कर्मचारीगण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
Budaun Amarprabhat