विभिन्न बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना पीएम मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम
दीपावली पर स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान
बदायूँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का रविवार को जनपद के विभिन्न शक्ति केंद्रों और बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक श्रवण किया गया। इसी क्रम में सिविल लाइन मंडल अंतर्गत बूथ संख्या 195 पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम को सुना।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने और अपने नागरिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आगामी दीपावली के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करने का संदेश अत्यंत सामयिक व महत्वपूर्ण है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब हम अपने स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी करेंगे, तभी उनका व्यवसाय सशक्त होगा और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। स्वदेशी को जीवनशैली का हिस्सा बनाना ही आत्मनिर्भर भारत की सबसे मजबूत नींव है।
राजीव गुप्ता ने आगे कहा कि कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल की अखंड राष्ट्रीय एकता की भावना, महर्षि वाल्मीकि के मानवीय आदर्शों, अमर स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद के अप्रतिम योगदान और फाइबर ऑप्टिक्स के जनक महान वैज्ञानिक नरिंदर सिंह कपानी की ऐतिहासिक उपलब्धियों का स्मरण किया गया, जो हम सभी को अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व करने की प्रेरणा देता है। इन महापुरुषों का जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों से इस दीपोत्सव पर स्वदेशी अपनाने और समाज में बंधुत्व व सौहार्द मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, सलीम खान, शेखर साहू, मुजाहिर खान बंटी, अंकित साहू, हिमांशु सक्सेना, एजाज़ खान तथा इज़हार उद्दीन सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat