Breaking News

टीएमयू के नर्सिंग स्टुडेंट्स ने गांवों में जगाई अलख

Spread the love

ख़ास बातें
सिबौरा में जल संरक्षण और वृक्षारोपण का बताया महत्व
स्टुडेंट्स ने नवजात शिशु की देखभाल को बताए तरीके
शाहपुरा गांव में रोल प्ले से मधुमेह के प्रति किया अवेयर

मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान के तहत अमरोहा जिले के ग्राम सिबौरा और शाहपुरा में नर्सिंग छात्राओं ने नुक्कड़ नाटकों, संवाद और जागरूकता गतिविधियों से स्कूली बच्चों, ग्रामीण महिलाओं और अन्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण, नवजात शिशु की उचित देखभाल, मधुमेह से बचाव के प्रति जागरूक किया। इन सभी कार्यक्रमों का आयोजन फैकल्टी ऑफ नर्सिंग की डीन प्रो. एस. पी. सुभाषिनी, प्रधानाचार्या प्रो. जेसलीन एम., उप-प्रधानाचार्य प्रो. रामनिवास, कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग विभाग के एचओडी डॉ. रामकुमार गर्ग के मार्गदर्शन में किया गया। सिबौरा के कंपोजिट स्कूल में नुक्कड़ नाटक और पोस्टर गतिविधियों से बच्चों को स्वच्छ, स्वस्थ एवम् प्रदूषण मुक्त वातावरण का महत्व समझाया। छात्राओं ने वायु, जल एवम् भूमि प्रदूषण के दुष्प्रभावों, प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से होने वाले नुकसान, जल संरक्षण और वृक्षारोपण की आवश्यकता को बताते हुए कहा, पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


ग्राम सिबौरा में ही नवजात शिशु देखभाल जागरूकता कार्यक्रम में एएनएम प्रथम वर्ष की छात्राओं और एमएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के स्टुडेंट्स ने नुक्कड़ नाटक और संवाद के जरिए ग्रामीण महिलाओं और माताओं को शिशु के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। छात्राओं ने जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू कराने, मां के पहले गाढ़े दूध (कोलोस्ट्रम) का महत्व और छह माह तक केवल स्तनपान कराने के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही स्तनपान की सही विधि, शिशु को गर्माहट देने, स्वच्छता बनाए रखने, नाभि की देखभाल और संक्रमण से बचाव के लिए हाथ धोने की सही तकनीक बताई। कार्यक्रम में समय पर टीकाकरण, पोलियो से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच और कंगारू मदर केयर के लाभों पर भी प्रकाश डाला गया। छात्राओं ने माताओं को नवजात में पसली चलने, दूध पीने में परेशानी, सांस लेने में कठिनाई, तेज बुखार, शरीर ठंडा पड़ने, अत्यधिक सुस्ती और दौरे जैसे खतरे के लक्षणों की पहचान करने की जानकारी दी। उन्होंने ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किए अस्पताल पहुंचने की सलाह दी।


अमरोहा जिले के शाहपुरा गांव में एएनएम द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों, बचाव और उपचार की जानकारी दी। छात्राओं ने अत्याधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अधिक भूख लगना, थकान, अचानक वजन कम होना और घाव भरने में देरी को मधुमेह के संभावित लक्षणों के रूप में समझाया। उन्होंने समय पर जांच, नियमित उपचार, संतुलित एवम् पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। साथ ही लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। नवजात देखभाल कार्यक्रम में सुश्री क्रिस्टिना आर. सिंह, श्रीमती ट्रेसा मसीह, छात्राएं- मीनू पाल, मीनू, अंकी, अंशु, गायत्री, निधि शर्मा, मीनाक्षी, मोहिनी, मोनिका, मतिसाख्यिया मौजूद रहीं। मधुमेह जागरूकता कार्यक्रम में श्रीमती पायल सिंह और सुश्री उज्मा खानम ने सहभागिता की।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

स्काउट ने मेले में खोये तीन बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया

Spread the loveकेंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा और भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी …