श्रद्धालुओं को दिए गए डायरिया से बचाव व उपचार के संदेश
बदायूं। जनपद के कादरचौक ब्लॉक में आयोजित रुहेलखंड के ऐतिहासिक ककोड़ा मेला (मिनी कुंभ) में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पीएसआई इंडिया एवं केनव्यू के सहयोग से ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष ओआरएस कॉर्नर स्थापित किया गया है। इसका शुभारंभ सोमवार को केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र कुमार गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव और कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तहसीन ने संयुक्त रूप से किया।
आकर्षक पोस्टर-बैनर और सेल्फी प्वाइंट से सजा यह ओआरएस कॉर्नर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं और आमजन को निःशुल्क ओआरएस पैकेट, जिंक की गोलियां और जागरूकता पम्पलेट वितरित किए जा रहे हैं, साथ ही घोल तैयार करने और इसके सही प्रयोग की विधि भी विस्तार से बताई जा रही है।
कार्यवाहक सीएमओ डॉ. तहसीन ने कहा कि डायरिया की शीघ्र पहचान तथा समय पर ओआरएस व जिंक के सही उपयोग से गंभीर स्थिति और जटिलताओं से आसानी से बचा जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को दस्त होने पर तुरंत ओआरएस का घोल दें और आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर उपचार कराएं।पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि शशांक दुबे ने बताया कि मेले के समापन तक इस कॉर्नर के माध्यम से निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और डायरिया की रोकथाम का संदेश पहुंच सके।
Budaun Amarprabhat