*
बदायूँ: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवम्बर को डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजनान्तर्गत चयनित स्थलों पर शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन में प्रातः 10 बजे मुख्यमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेशभर में योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने बताया कि जनपद बदायूँ में छह चयनित स्थलों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया जाएगा। इनमें विधानसभा दातागंज हेतु विकासखंड समरेर के कमा गांव, विधानसभा सदर हेतु विकासखंड वजीरगंज के र्धमपुर गांव, विधानसभा बिल्सी हेतु विकासखंड अम्बियापुर के रम नगला गांव, विधानसभा शेखूपुर हेतु विकासखंड जगत के हयात नगर, विधानसभा सहसवान हेतु विकासखंड अम्बियापुर के बेहटा गुसाईं छोलायन तथा विधानसभा बिसौली हेतु विकासखंड इस्लामनगर के भुसाया गांव में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड बदायूँ को कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सौंपे गए दायित्वों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।
—-
Budaun Amarprabhat