बदायूं। तीन दिनों तक चले जीलॉट वार्षिक खेल समारोह 2026 का रविवार को विद्यालय परिसर में बड़े ही हर्षाेल्लास, उत्साह और उमंग के साथ भव्य समापन हो गया। तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विद्यालय के संस्थापक महेंद्र सिंह का भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह का विशेष आकर्षण अभिभावकों के लिए आयोजित मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं रहीं, जिनमें अभिभावकों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लेकर खेल भावना का परिचय दिया। विजेता अभिभावकों को भी विशेष उपहार व पदक देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का सबसे रोमांचक क्षण ओवरऑल जीलॉट चौंपियनशिप ट्रॉफी की घोषणा का रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर होप हाउस ने ओवरऑल चौंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि यूनिटी हाउस उपविजेता रहा। इस उपलब्धि पर विजेता हाउस के विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह और गर्व देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति लता ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैदान में पूरे उत्साह के साथ उतरना और सहभागिता करना ही अपने आप में एक बड़ी जीत है। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समारोह के सफल समापन की आधिकारिक घोषणा की।
Budaun Amarprabhat