एसएसपी ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
बदायूँ। ‘पुलिस झण्डा दिवस’ के गौरवशाली अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूँ स्थित क्वार्टर गार्द पर भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और पूर्ण सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के संदेश को पढ़कर सभी पुलिसकर्मियों को सुनाया और पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में 23 नवम्बर का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्ष 1952 में आज ही के दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अदम्य साहस और समर्पित सेवाओं के सम्मान स्वरूप ‘पुलिस कलर’ अर्थात पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। यह ऐतिहासिक गौरव प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का प्रथम राज्य पुलिस बल है। पुलिस ध्वज के लाल और नीले रंग उत्तर प्रदेश पुलिस की शक्ति, निष्ठा और गौरवशाली परंपरा के प्रतीक माने जाते हैं।
समारोह के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री सुमेध मिलिन्द जाधव सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस ध्वज को सलामी दी और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
Budaun Amarprabhat