Breaking News

छूटे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में प्राथमिकता से कराएं दर्ज: डीईओ

Spread the love

बदायूँ: लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, नवविवाहित महिलाओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को पंजीकृत करने के उद्देश्य से जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है तथा 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 28 नवम्बर 2026 (शनिवार) एवं 29 नवम्बर 2026 (रविवार) को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से विशेष अभियान की तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं के फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में सहयोग करें। साथ ही नवविवाहित महिलाओं के नाम भी प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में पंजीकृत कराएं, जिससे जनपद के जेंडर रेशियो में अपेक्षित सुधार हो सके। सभी बीएलए विशेष अभियान के दौरान संबंधित मतदेय स्थलों पर उपस्थित बीएलओ से समन्वय स्थापित कर आलेख्य मतदाता सूची का गहनता से अवलोकन करें और फार्म-6 के पंजीकरण में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। बीएलए की उपस्थिति में संबंधित मतदेय स्थल के बीएलओ द्वारा आलेख्य मतदाता सूची को नामवार पढ़कर सुनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 01 जनवरी 2027 के अतिरिक्त 01 अप्रैल 2027, 01 जुलाई 2027 एवं 01 अक्टूबर 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा नागरिकों से भी फार्म-6 प्राप्त किया जा सकता है। ऐसे आवेदनों पर संबंधित अर्हता तिथि को निर्धारित आयु पूर्ण होने के उपरांत ही नियमानुसार प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे सुनिश्चित करें कि उनकी भाग संख्या की मतदाता सूची में किसी प्रकार की डुप्लीकेसी न पाए तथा प्रत्येक मतदाता के नाम, पिता/पति का नाम, आयु एवं फोटोग्राफ का विशेष रूप से सत्यापन करें। उन्होंने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराए जाएं। साथ ही विधानसभा क्षेत्रों में जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो एवं एज कोहोर्ट में सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। विशेष अभियान की तिथियों में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, पंचायत सचिवों तथा ग्रामों में स्थापित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों एवं शिक्षामित्रों का सहयोग लेकर अधिक से अधिक फार्म-6 का ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद की जनसंख्या के अनुपात में महिला मतदाताओं का प्रतिशत पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा कम है। सुदृढ़ लोकतंत्र के लिए महिलाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र महिला मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। जेंडर रेशियो में सुधार के लिए सभी बीएलओ अपने-अपने पोलिंग बूथ, ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर नवविवाहिताओं तथा 18 से 19 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी युवतियों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर उनके नाम नियमानुसार मतदाता सूची में दर्ज कराएं। इसके लिए सभी सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर सर्वे करें तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटी हुई पात्र महिलाओं के फार्म-6 अनिवार्य रूप से भरवाएं।
बैठक में भाजपा से शैलेन्द्र मोहन शर्मा, सपा से अशोक यादव, कांग्रेस से सुरेन्द्र सिंह एवं नवनीत यादव तथा बसपा से राजेन्द्र सिंह एवं प्रेम शंकर सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक वर्मा, सह प्रभारी स्वीप सरवर अली, मोहित सैनी एवं उमीर उद्दीन उपस्थित रहे।
—-


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

राजकीय महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया 79वां एनसीसी स्थापना दिवस

Spread the loveबदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में रविवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) …