बदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में रविवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का 79वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता तथा डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने वर्ष भर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी ध्वजारोहण और कैडेट्स की शानदार परेड के साथ हुआ। कैडेट्स को संबोधित करते हुए प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि एनसीसी का आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व और निस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करता है। यह युवाओं के व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव लाता है।
वहीं, डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज सेवा, आपदा राहत और अनुशासन के क्षेत्र में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका सदैव सराहनीय रही है। भारतीय सेना और आम नागरिक के बीच की मजबूत कड़ी के रूप में सभी कैडेट्स का यह कर्तव्य है कि वे जन-जन के हृदय में ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव जागृत करें।
समारोह में विभिन्न शिविरों, सामाजिक जागरूकता अभियानों और परेड में श्रेष्ठ योगदान देने वाले कैडेट्स को पुरस्कृत किया गया। इसमें अनामिका पाल को ‘हाइएस्ट अटेंडेंस अवॉर्ड’, बृजेश शाक्य को ‘बेस्ट कमांड अवॉर्ड’ तथा आशी राणा और अतुल कुमार को संयुक्त रूप से ‘मोस्ट डिसिप्लिन कैडेट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। अंत में सभी कैडेट्स ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। इस दौरान महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में कैडेट्स मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat