बिसौली। डी पॉल स्कूल में संविधान दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं बौद्धिक विकास के उद्देश्य से एक रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें रेड, येलो, ब्लू एवं ग्रीन हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए भारतीय संविधान से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कड़े मुकाबले के बाद ब्लू हाउस ने प्रथम, ग्रीन हाउस ने द्वितीय तथा रेड हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता हाउस के विद्यार्थियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी गई तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर एक निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसका विषय “भारतीय लोकतंत्र का संविधान” था। जिसमें सभी छात्र/छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्कूल प्रबंधक फादर डॉक्टर मार्टिन बीसी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल नियमों और कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर लिंसी थॉमस ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य तभी संभव है, जब आज के विद्यार्थी संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएँ और जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
Budaun Amarprabhat