बिल्सी (बदायूँ)। फ्यूचर लीडर्स स्कूल बिल्सी की ओर से विद्यार्थियों के लिए आलू में वानस्पतिक प्रजनन विषय पर आउटडोर क्लास का आयोजन किया गया। इसमें खेत को पाठशाला बनाकर विद्यार्थियों को विज्ञान के साथ खेती-किसानी की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
विज्ञान शिक्षिका निकिता गुप्ता ने विद्यार्थियों को बताया कि आलू के कंद पर मौजूद आंखें कलिकाएं होती हैं, जिनसे नए पौधे विकसित होते हैं। उन्होंने आलू की बुवाई, अंकुरण, सिंचाई, फसल की देखभाल और खुदाई की प्रक्रिया भी समझाई। साथ ही विद्यार्थियों को भारत सहित विश्व के प्रमुख आलू उत्पादक देशों तथा कृषि और अर्थव्यवस्था में आलू के महत्व की जानकारी दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों ने जाना कि आलू की खेती किसानों की आजीविका के साथ खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, व्यापार और रोजगार से भी जुड़ी है। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और खेत में विज्ञान के सिद्धांतों को करीब से समझा।
विद्यालय के डायरेक्टर वीपी सिंह ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव देना विद्यालय की शिक्षण पद्धति का हिस्सा है। एमडी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सीखने की जिज्ञासा विकसित होती है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह और शिक्षिका साक्षी गुप्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat