*
बदायूँ:
जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के साथ शनिवार को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत विशेष अभियान दिवस पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 114 बिल्सी के रायपुर मझारा एवं बरायमखेड़ा स्थित बूथ संख्या 126, 304, 305 एवं 117 तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र दातागंज के बूथ संख्या 220, 221, 222 एवं 223 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर उपस्थित बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त होने की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह विशेष अभियान 29 नवम्बर को भी जारी रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान की दोनों तिथियों में प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। इस दौरान अपने मतदेय स्थल से संबंधित बीएलए एवं स्थानीय नागरिकों के समक्ष पूरी मतदाता सूची स्पष्ट रूप से पढ़कर सुनाएं। सूची पढ़ते समय प्रत्येक मतदाता के नाम, फोटो, पिता/पति/माता का नाम एवं आयु का मिलान करते हुए प्रविष्टियों की शुद्धता की जांच करें।
*त्रुटियों के सुधार एवं नए मतदाताओं का कराएं पंजीकरण-* उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पढ़ने के दौरान किसी मतदाता के नाम, फोटो, संबंधी के विवरण अथवा आयु में त्रुटि मिलने, किसी पात्र नागरिक का नाम छूटने अथवा मृतक एवं स्थानांतरित मतदाता का नाम दर्ज होने की स्थिति में तत्काल मौके पर ही संबंधित प्रारूप फार्म-6, फार्म-7 अथवा फार्म-8 भरवाकर प्राप्त किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं एएनएम के माध्यम से पात्र युवाओं एवं महिलाओं को चिह्नित कर उनके फार्म-6 अनिवार्य रूप से भरवाए जाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
*विवाह के बाद जनपद में आई महिलाओं का प्राथमिकता से हो पंजीकरण-* जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि विवाह के बाद जनपद में आई महिलाओं के मतदाता पंजीकरण को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए कोटेदारों से संपर्क कर उनका सहयोग लिया जाए तथा आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं एएनएम के माध्यम से पात्र महिलाओं को चिह्नित कर फार्म-6 भरवाए जाएं।
उन्होंने समस्त ईआरओ, एईआरओ एवं सेक्टर/सुपरवाइजर अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का निरंतर भ्रमण एवं निरीक्षण करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मतदेय स्थल बंद न रहे और प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ उपस्थित रहें, जिससे विशेष अभियान एवं मतदाता सूची पढ़ने का कार्य पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा विद्यार्थियों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं, जिससे उनका मतदाता पंजीकरण समय से कराया जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।
*29 को भी जारी रहेगा विशेष अभियान-* विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत जनपद के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर 29 नवम्बर को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर बूथ लेवल एजेंट एवं स्थानीय नागरिकों के समक्ष मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। मतदाताओं के नाम, फोटो, आयु एवं अन्य विवरणों का सत्यापन किया जाएगा। त्रुटि, नाम छूटने अथवा अपात्र प्रविष्टि पाए जाने पर निर्धारित प्रारूपों में आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। अधिकारियों द्वारा बूथों का निरीक्षण कर अभियान को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
—-
Budaun Amarprabhat