संगठनात्मक एवं शैक्षिक विकास के विभिन्न विषयों पर मिला मार्गदर्शन
बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में विद्या भारती की बरेली जिला बैठक का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। बैठक का शुभारंभ संगठन मंत्री श्री हरिशंकर जी, प्रदेश निरीक्षक श्री हरवीर सिंह चाहर एवं बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैठक में विद्या भारती के विद्यालयों के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यालयों के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर संगठन मंत्री श्री हरिशंकर जी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि विद्यालयों का विकास केवल शैक्षिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि संगठनात्मक व्यवस्था, भौतिक संसाधनों और संस्कारयुक्त वातावरण को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
प्रदेश निरीक्षक श्री हरवीर सिंह चाहर ने प्रबंध समितियों के वैधानिक कार्यों एवं उनके दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यालय की प्रबंध समिति को अपने संवैधानिक एवं वैधानिक कार्यों का नियमित रूप से पालन करना चाहिए। इससे विद्यालयों का संचालन सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा।
बैठक में विद्यालयों के भौतिक संसाधनों की उपलब्धता एवं उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष चर्चा हुई। युगानुकूल भवन निर्माण, आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था तथा विद्यालयों में आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विद्यालयों की संख्यात्मक वृद्धि, नवीन प्रवेश, छात्र संख्या में विस्तार तथा संगठन के कार्यक्षेत्र को बढ़ाने के विषय में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल ने भी विद्यालयों के विकास में प्रबंध समितियों और समाज के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर बरेली जिले के सभी प्रधानाचार्य अपनी प्रबंध समिति के साथ उपस्थित रहे जिसमें बाल कल्याण समिति के मंत्री दिनेश मलिक, राजीव सक्सेना, सुबोध अग्रवाल, बृजवासी लाल अग्रवाल, बाल कल्याण समिति के सह मंत्री राकेश कुमार शर्मा, बाल कल्याण समिति के उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल आदि बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने दिए गए मार्गदर्शन के अनुरूप विद्यालयों के विकास, संगठन की मजबूती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat