बिसौली। जनपद में तबादले के बाद भी कई पुलिसकर्मी अपने पुराने थाने और चौकियों का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। जिसमें दरोगा और सिपाही महीनों से तो कुछ एक साल से तबादले के बावजूद वही जमे हुए हैं। इनमें कई पुलिसकर्मी जुगाड़ लगाकर अपना तबादला निरस्त कराने में लगे हुए हैं। इधर वजीरगंज थाने में तैनात सनी देव का इस साल 26 जुलाई को यूपी 112 पर तबादला हुआ था, लेकिन वह अभी भी यही डटे हुए हैं। इधर एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह द्वारा 21 अगस्त को संबंधित थानाध्यक्षों को एकतरफा रिलीव करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद भी कुछ थानाध्यक्ष एसएसपी के आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। यही वजह है कि पुलिसकर्मी गैर जनपद और जनपद में तबादला होने के बाद भी मोहमाया के चक्कर में अपने अपने पद पर जमे हुए हैं।