—
मेला ककोड़ा में पांच दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान शिविर का शुभारंभ
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर किया उद्घाटन, श्रद्धालुओं को मिलेगा ध्यान का अभ्यास
ककोड़ा (बदायूं)। मेला ककोड़ा में आयोजित पांच दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान शिविर का उद्घाटन आज माननीय विधायक श्री महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
केंद्र प्रभारी संतोष सक्सेना ने विधायक श्री गुप्ता को संस्था द्वारा प्रकाशित पुस्तक भेंट की। अपने उद्बोधन में विधायक ने कहा कि हार्टफुलनेस ध्यान शिविर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। संस्था के स्वयंसेवकों द्वारा जनमानस में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार हेतु किया जा रहा यह पवित्र कार्य अत्यंत सराहनीय है।
जोनल कोऑर्डिनेटर अनुज सक्सेना ने बताया कि यह शिविर संस्था द्वारा लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मेले में कल्पवास करने वाले तथा गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को प्राणाहुति के साथ ध्यान के सरल अभ्यास से परिचित कराना है।
शिविर में आगरा, मेरठ, मथुरा, बरेली, मैनपुरी, गाजियाबाद सहित राजस्थान और उत्तराखंड से आए प्रमाणित प्रशिक्षक ध्यान का अभ्यास सिखाएंगे।
मैनपुरी जनपद के जिला पूर्ति अधिकारी
रमन मिश्रा ने ध्यान अभ्यास से होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। वहीं गाजियाबाद के श्री राकेश चंद्र सक्सेना ने हार्टफुलनेस परंपरा के गुरुओं एवं वर्तमान ग्लोबल गाइड दाजी के जनकल्याण के स्वप्न के बारे में जानकारी दी।
शिविर प्रभारी अवनेश्वर सिंह ने अंत में सभी अतिथियों और प्रशिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रशिक्षक अशोक कुमार सिंह, नीरज कुमार, रणवीर सिंह, सुरेश पाल, सूरज पाल सिंह, विपिन कुमार आदि उपस्थित रहे।
– अमर प्रभात संवाददाता
**शिव प्रताप सिंह, कादरचौक
Budaun Amarprabhat