श्री बालाजी बल्देव धाम में धूमधाम से मनाया गया हनुमान बाबाजी का पाँचवाँ जन्मोत्सव
बिसौली। संवाददाता।
श्री बालाजी बल्देव धाम, गुधनी में श्री हनुमान (बाबाजी) का पाँचवाँ जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। प्रातः बेला में धाम के पीठाधीश्वर परम पूज्य श्री ललितेश्वरानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य में श्री हनुमानजी महाराज का अलौकिक चोला अर्पण किया गया। इसके उपरांत भक्तों द्वारा हनुमान चालीसा पाठ और आरती का आयोजन हुआ, जिससे सम्पूर्ण धाम जय बजरंगबली के जयघोषों से गूंज उठा।
पूज्य महाराज जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि जो भक्त सच्चे मन से हनुमान सेवा में जुटा रहता है, उसके सभी संकट स्वयं प्रभु दूर कर देते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा और संयम के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में संत-महंतों सहित आसपास के गाँवों और दूर-दूर से आए श्रद्धालु भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। उत्सव के अवसर पर धाम को पुष्पों और दीपमालाओं से भव्य रूप से सजाया गया।
देर रात तक भक्तजन भजन-कीर्तन में लीन रहे और बाबा बल्देव धाम की पावन वाणी में डूबे रहे। पूरा वातावरण हनुमान भक्ति की दिव्यता और अलौकिक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दिया।
Budaun Amarprabhat