बदायूं। यातायात माह नवंबर-2025 की शुरुआत शुक्रवार को जिले में जागरूकता कार्यक्रम के साथ हुई। रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों, ई-रिक्शा चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई तथा हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता बाइक रैली को रवाना किया।
एसएसपी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, गति सीमा का पालन करें, सड़क पार करते समय जेब्रा लाइन का प्रयोग करें तथा प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी उपाय है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री विजयेन्द्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अशोक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर श्री रजनीश कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी लाइन/उझानी श्री देवेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री रामलडेटे, टीएसआई गण, यातायात पुलिस बल, ऑटो व ई-रिक्शा चालक, पुलिस मॉडर्न स्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थी, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन परिसर में समाप्त हुई। रैली के दौरान आमजन को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
—
Budaun Amarprabhat