बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव सिठौलिया पुख्ता में शनिवार को खेत पर जा रहे ग्रामीणों पर दूसरे गांव के लोगों ने सामूहिक हमला कर दिया। हमले में आठ लोग घायल हो गए। घायल अवस्था में एक ग्रामीण को गंभीर स्थिति के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायल भूदेव पुत्र रोशन ने बताया कि उनकी और अन्य ग्रामीणों की जमीन गंगा नदी के कटान के कारण नदी के उस पार चली गई है। इसी विवाद को लेकर छह नवंबर की शाम करीब चार बजे, जब वे लोग अपने खेत जा रहे थे, तभी रास्ते में बसौलिया गांव के लोगों ने पहले से घात लगाकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।
हमले में घायल हुए लोग हैं: पूरन, भूदेव, कल्यान सिंह, गिरधारी, चरन सिंह, सूरजपाल और होडिल। घायलों में होडिल की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शनिवार को भूदेव ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पुलिस ने उसके आधार पर लड्डन, मुनीश, राहत, जाहिद पुत्र शाहिद, अब्दुल पुत्र वासिद, वाकिर अली, जाकिर अली, जाबिर अली, अबरार, इसरार, इकरार पुत्र इल्यास, खुर्शद अली, पप्पू पुत्र इदरीस और सादिक अली पुत्र इशरत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: डॉ. राशिद अली खान, सहसवान, बदायूं
Budaun Amarprabhat