बदायूं, 18 नवम्बर 2025: प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से सूचना विभाग, लखनऊ द्वारा प्रकाशित एवं मुद्रित प्रचार साहित्य का मंगलवार को कलेक्ट्रेट व विकास भवन में व्यापक स्तर पर वितरण किया गया। यह वितरण सहायक निदेशक सूचना, आशुतोष चंदोला के निर्देशन में विभागीय कर्मचारियों द्वारा आमजन, आगंतुकों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच कराया गया।
सूचना विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया यह प्रचार साहित्य प्रदेश सरकार की बहुआयामी योजनाओं, कार्यक्रमों, उपलब्धियों एवं नीतियों का संक्षिप्त और तथ्यपरक संकलन है। इसमें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं संपर्क विवरण शामिल हैं, ताकि आम नागरिक आसानी से योजनाओं का लाभ उठा सकें।
सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला ने कहा कि जनसामान्य को योजनाओं की सटीक जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जाएंगी और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्ट्रेट व विकास भवन में आए लाभार्थियों, ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों, छात्र-छात्राओं और अन्य आगंतुकों ने प्रचार साहित्य प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सामग्री योजनाओं को समझने और लाभ उठाने में अत्यंत सहायक है।
इस अवसर पर सूचना विभाग के कर्मचारियों अमर सिंह राणा, महेंद्र पाल सिंह, सोमेंद्र राठौर आदि मौजूद रहे। वितरित किए गए प्रचार साहित्य में एक भारत आत्मनिर्भर भारत, रेवेन्यू सरप्लस स्टेट उत्तर प्रदेश, हरित उत्तर प्रदेश, गरीबी उन्मूलन, सामाजिक सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, उत्तर प्रदेश इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति, आरोग्य प्रदेश और पुण्य भूमि धन्य भूमि आदि शामिल थे।
Budaun Amarprabhat