
संवाददाता – नेत्रपाल सैलानी, अमर प्रभात
मुजरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम अलीगंज में दहशत फैलाए घूम रहे खूनी सांड को पकड़ने गई रेस्क्यू टीम, पशुपालन विभाग और ग्रामीणों की संयुक्त कोशिशें शनिवार को विफल रहीं। आधा दर्जन किसानों पर हमला कर चुके इस सांड ने अभियान के दौरान एक और ग्रामीण को घायल कर दिया, लेकिन फिर भी पकड़ से बाहर रहा। ग्रामीणों के सहयोग की कमी ने पूरे ऑपरेशन को प्रभावित कर दिया, जिसके चलते टीम को खाली हाथ तहसील मुख्यालय लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कर्मवीरराज सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, पैरावेट एन.पी.एस. सैलानी, राष्ट्रीय बजरंग दल गौ–रक्षा प्रकोष्ठ से गौरव चौधरी व गौरव माहेश्वरी तथा ग्राम प्रधान पति ओमकार यादव सुबह से ही खेतों में सांड की घेराबंदी में जुटे थे।
अभियान के दौरान सांड ने लल्ला बाबू पुत्र रियाजुद्दीन (35 वर्ष) पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। मौके पर मौजूद राजू चौहान, नरेंद्र तोमर, नरेंद्र सोलंकी, ऋषभ सोलंकी, विशाल शर्मा, गोलू, ओमप्रकाश पाल सहित कई ग्रामीणों ने मदद की कोशिश तो की, परंतु कुछ लोग तमाशबीन बनकर मज़ाक उड़ाते नजर आए, जिससे टीम की कोशिशें कमजोर पड़ती रहीं।
ग्राम प्रधान पति ओमकार यादव ने बताया कि—“यदि गांव के सभी लोग एकजुट होते, तो सांड को पकड़ना मुश्किल नहीं था, परंतु जैसे–जैसे समय बीतता गया, ग्रामीण वापस घर लौटते गए और टीम अकेली रह गई।”
करीब चार घंटे चले रेस्क्यू अभियान के विफल होने के बाद टीम पशुपालन विभाग के साथ वापस तहसील मुख्यालय लौट आई।
ग्रामीण अब प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सांड को शीघ्र पकड़ा जाए और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए।
Budaun Amarprabhat