संवाददाता — गोविंद देवल
बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री विजेयेन्द्र द्विवेदी के पर्यवेक्षण में गुरुवार को क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार ने थाना मूसाझाग का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीओ ने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों व अभिलेखों की गहन जांच की।
सीओ ने मालखाना, हवालात, मैस, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण कर उनके उचित रखरखाव और रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
सीओ डॉ. कुमार ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, विगत दस वर्षों में अपराधों में शामिल रहे व्यक्तियों का सत्यापन करने और अपराध में सक्रिय पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके अलावा संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग तथा आम जनता से मधुर व्यवहार बनाए रखने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat