संवाददाता — बदायूं
बदायूं। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए साइबर क्राइम पुलिस थाना, जनपद बदायूं ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता छोटू कुमार पुत्र राजाराम शर्मा, निवासी पुरवाखेडा थाना बिसौली के साथ हुई 50,000 रुपये की साइबर ठगी का सफलतापूर्वक खुलासा किया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 28 अक्टूबर 2025 को साइबर ठगी का मामला थाना साइबर क्राइम, बदायूं में दर्ज कराया। शिकायत संख्या 33110250149863 के अंतर्गत पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक में ठगी गई धनराशि को होल्ड/फ्रीज कराया। इसके बाद राशि को पीड़ित के खाते में स्थानांतरित कर दिया गया। इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप 20 नवंबर 2025 को पूरी 50,000 रुपये की ठगी की राशि शिकायतकर्ता के खाते में वापस पहुंच गई।
साइबर क्राइम पुलिस की इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह एवं जनपदीय साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय द्वारा समय-समय पर पुलिस को दिशा-निर्देश एवं जागरूकता अभियान जारी किया जाता रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर ठगी से बचाव के लिए निम्न सावधानियां अपनाएं:
लोन/गेम एप के जाल से बचें।
पैसे के लालच में अपना बैंक अकाउंट या सिम कार्ड किसी को न दें।
अनजान व्यक्ति द्वारा बताई गई किसी एप को डाउनलोड न करें; साइबर अपराधी Whatsapp स्क्रीनशेयरिंग एप डाउनलोड कर आपके फोन का गलत उपयोग कर सकते हैं।
गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोजने से बचें; हमेशा कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट से ही नंबर लें।
सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट या वीडियो कॉल स्वीकार न करें।
अपना व्यक्तिगत विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और ऑनलाइन विज्ञापनों से खरीदारी में सतर्क रहें।
साइबर ठगी या किसी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी साइबर सेल थाना से संपर्क करें अथवा भारत सरकार द्वारा जारी संपर्क नंबर 1930 पर कॉल करें। साथ ही www.cybercrime.gov.in पर जाकर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है।
बदायूं पुलिस की यह कार्यवाही साइबर अपराध रोकने और नागरिकों के आर्थिक हित सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Budaun Amarprabhat