बिल्सी – संवाददाता गोविंद देवल
बिल्सी। नगर के मुख्य बाजार स्थित सब्जी मंडी के सामने श्याम भवन पर सोमवार की रात एकादशी पर्व के उपलक्ष्य में भव्य खाटू श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। देर रात तक चले संकीर्तन में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तिमय धुनों और जयकारों से आसपास का पूरा इलाका गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत गद्दी संचालक विकास वार्ष्णेय उर्फ़ बब्बू भइया द्वारा बाबा श्याम की जोत प्रज्ज्वलित कर की गई, जिससे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा फैल गई। संकीर्तन मंडली ने “हारे के सहारे श्याम” और “खाटू वाले के दरबार” जैसे प्रसिद्ध भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर भक्त झूम उठे।
आयोजकों ने बताया कि एकादशी पर्व पर विशेष संकीर्तन का आयोजन किया जाता है, जिसमें नगर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।
भक्ति और श्रद्धा से सराबोर संकीर्तन देर रात तक चलता रहा। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में धार्मिक जागरूकता और आपसी सद्भाव बढ़ाने का कार्य करते हैं।
इधर, मोहल्ला संख्या एक, पटवा कॉलोनी में स्थित श्याम भवन पर भी बाबा का भव्य संकीर्तन आयोजित किया गया, जिसमें भक्तों द्वारा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराए गए।
Budaun Amarprabhat