
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं।
गंगा दीन इंटर कॉलेज, गूरा नवीगंज में त्रिदिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। शिविर में स्काउट–गाइड को प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, सीमित संसाधनों में अनुशासित जीवन जीने और समाजसेवा की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को जल, जंगल और जमीन जैसी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प दिलाया।
शुभारंभ के अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने स्काउट ध्वज फहराकर संदेश दिया कि युवाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग अनुशासन, सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा अपनी शक्ति को सृजन और राष्ट्रनिर्माण में लगाएं।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को प्राकृतिक आपदाओं और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सक्षम बनाना अत्यंत आवश्यक है। स्काउटिंग युवाओं को हर चुनौती में शांत, संयमित और साहसी बनाती है।
वरिष्ठ शिक्षक योगेंद्र तिवारी ने कहा कि स्काउट–गाइड प्रशिक्षण बच्चों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और व्यवहारिक ज्ञान विकसित करता है। यह प्रशिक्षण उन्हें जीवनभर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
स्काउट शिक्षक दीपक शर्मा ने शिविर में टोलियों का गठन कर प्रतिभागियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने अनुशासन, टोली संचालन और प्राथमिक उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
शिविर के दौरान शिक्षक अर्जुन सिंह, अवधेश कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। तीन दिवसीय शिविर के पहले दिन छात्रों में उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।
Budaun Amarprabhat