
संवाददाता: गोविंद देवल | बदायूं
नगर विधायक एवं पूर्व नगर विकास राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार महेश चन्द्र गुप्ता ने विकास खण्ड सालारपुर के ग्राम कुण्डरा चकौण्द में अन्त्येष्टि स्थल/शवदाह गृह निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही अचिन्तपुर मजरा ब्यौर में खड़ंजा निर्माण कार्य तथा ग्राम सालारपुर में सीसी मार्ग का लोकार्पण कर कुल 55 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि उन्होंने अपनी विधानसभा को मां के समान दर्जा दिया है और यहां के प्रत्येक ग्राम व प्रत्येक नागरिक की समस्या उनकी अपनी व्यक्तिगत समस्या है। अन्त्येष्टि स्थल के शिलान्यास को भावनात्मक क्षण बताते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता, संस्कार और मानवीय गरिमा का प्रतीक है। किसी भी व्यक्ति की अंतिम यात्रा सम्मान और सुव्यवस्था के साथ सम्पन्न हो, यह शासन और समाज की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से अन्त्येष्टि के समय ग्रामीणों को जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, उनके स्थायी समाधान के लिए एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं स्थायी अन्त्येष्टि स्थल का निर्माण आवश्यक था। इस स्थल पर भविष्य में स्वच्छता, समुचित स्थान और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे शोकाकुल परिवारों को कठिन समय में राहत मिलेगी।
खड़ंजा एवं सीसी मार्ग के लोकार्पण के दौरान विधायक ने कहा कि इन मार्गों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और किसानों, छात्रों, बुजुर्गों सहित आम नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा। बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों का भी अब स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में देश अग्रसर है।
कार्यक्रम में अनेकपाल सिंह (ब्लॉक प्रमुख पति, सालारपुर), रामचरन पाल (मण्डल अध्यक्ष, बिनावर), धीरेन्द्र सिंह, आदेश शर्मा, महावीर शाक्य, इस्तकार प्रधान, रुस्तम शाक्य, हरवंश पाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat