सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम, बिल्सी के महंत पं. मटरू मल शर्मा की सेवा यात्रा बन रही मिसाल
गांव-गांव पहुंचा रहे गर्म कपड़े
बदायूं से — विस्तृत समाचार
संवाददाता गोविन्द देवल 
बदायूं। भीषण ठंड के इस दौर में सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम, बिल्सी के महंत पंडित श्री मटरू मल शर्मा (महाराज) मानव सेवा की एक अनुपम मिसाल पेश कर रहे हैं। उनका सेवा संकल्प धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर इंसानियत को सर्वोपरि मानने का संदेश दे रहा है। ठंड से ठिठुरते जरूरतमंदों के लिए उनकी पहल न केवल राहत पहुंचा रही है, बल्कि समाज में करुणा और संवेदनशीलता को भी मजबूती दे रही है।
महंत पं. मटरू मल शर्मा महाराज इन दिनों अपनी गाड़ी में गर्म (बूलन) कपड़े भरकर स्वयं क्षेत्र के गांवों और रास्तों पर निकल रहे हैं। यात्रा के दौरान जहां भी गरीब, असहाय, बेसहारा और लाचार लोग नजर आते हैं, वहीं रुककर वे ससम्मान गर्म वस्त्र वितरित करते हैं। एक वर्ष के बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों तक को उनकी आवश्यकता के अनुसार स्वेटर, पजामा, जर्सी, हुडी, शॉल, लोई, कंबल तथा बालिकाओं के लिए बूलन सूट प्रदान किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पूर्व वर्षों में सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम पर हर वर्ष लगभग 5100 कंबलों का वितरण किया जाता था। जरूरतमंदों को पहले से चिन्हित कर टोकन दिए जाते थे और वे सिद्धपीठ पहुंचकर कंबल प्राप्त करते थे। लेकिन पिछले दो वर्षों से महंत जी ने इस व्यवस्था में बदलाव कर सेवा को और अधिक प्रभावी बनाया है। अब कंबल और गर्म कपड़े सीधे जरूरतमंदों के गांवों, वृद्ध आश्रमों, अनाथ आश्रमों, सरकारी अस्पतालों तथा सड़कों पर ठंड से जूझ रहे लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
मानव सेवा का यह कार्य केवल शीतकाल तक सीमित नहीं है। महंत पं. मटरू मल शर्मा महाराज द्वारा वर्षभर सभी धर्मों की गरीब कन्याओं का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया जाता है। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनों का वितरण भी निरंतर किया जा रहा है।
इस वर्ष अब तक रायपुर खुर्द और धरेराह (बदायूं), बिहारीपुर (नवाबगंज) तथा भगवंतपुर मुड़िया (बीसलपुर, पीलीभीत) में गर्म कपड़े, शॉल, लोई और कंबलों का वितरण किया जा चुका है। बिहारीपुर में यह सेवा रवि दीक्षित और वीरेंद्र दीक्षित के सहयोग से संपन्न हुई, जबकि भगवंतपुर मुड़िया में अवधेश शुक्ला, आकाश, अर्जुन और अर्पित शुक्ला ने सहयोग प्रदान किया। वहीं रायपुर खुर्द और धरेराह गांवों में आरती शर्मा और अनुज शर्मा की सहभागिता रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महंत पं. मटरू मल शर्मा महाराज की यह निस्वार्थ पहल ठंड से राहत के साथ-साथ समाज में सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को मजबूत कर रही है। उनकी सेवा यात्रा आज क्षेत्रभर में प्रेरणा और अनुकरण की मिसाल बन चुकी है।
Budaun Amarprabhat