बदायूं।
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं के खिरिया बाकरपुर स्थित रामप्रकाश सोहन देवी इंटर कालेज में चल रहे त्रिदिवसीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन बच्चों ने तंबुओं का शहर सजाकर रंगारंग माहौल बनाया।
स्काउट वर्ग में सरदार भगत सिंह टोली और गाइड वर्ग में भारत माता कंपनी ने ओवर ऑल चैंपियन का खिताब जीता। मुख्य अतिथि प्रबंधक अजनेश यादव ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं को अपनी अद्भुत क्षमताओं को राष्ट्रहित में लगाकर लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि चिंतन, चरित्र और आचरण पवित्र हो, तो व्यक्ति और राष्ट्र का मस्तक ऊंचा रहेगा। श्रेष्ठ संस्कारों से युवा हर कार्य को संभव करने की क्षमता रखते हैं।
स्काउट वर्ग में चंद्रशेखर आजाद टोली प्रथम, जबकि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, श्री राम और छत्रपति शिवाजी टोली संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। गाइड वर्ग में मां सरस्वती कंपनी प्रथम, जबकि मां दुर्गा और रानी लक्ष्मीबाई कंपनी संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं।
शिक्षक और मुख्य अतिथि अजनेश यादव, प्रधानाचार्या मनीषा, वरिष्ठ शिक्षिका ममता, मीना, शिक्षक गंगा सिंह, बबलेश यादव, राहुल यादव, रिंकू सिंह, राहुल कुमार, अजीत यादव ने विजेता टोलियों के बच्चों को गोल्ड मेडल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। स्काउट शिक्षक कल्लू सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राहुल यादव, वारिस सलमानी, रिंकू सिंह, नेहा, रूबी, मीना, सरियल, गुंजन, सरिता, पिंकी सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
Budaun Amarprabhat