संवाददाता : आईएम खान
बिसौली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्रा ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की अव्यवस्थाएं देखकर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ प्रसव सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल भर्ती किया जाए और इसके बाद सभी आवश्यक जांच व उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने आशा कार्यकर्ताओं को भी निर्देशित किया कि वे गर्भवती महिलाओं को निजी या आयुष अस्पतालों में ले जाने के बजाय सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ही प्रसव के लिए प्रेरित करें, ताकि उन्हें समुचित और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, लेबर रूम, प्रयोगशाला, वार्ड तथा दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। साथ ही पूरे अस्पताल परिसर का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया और व्यवस्थाओं में और सुधार लाने के निर्देश दिए।
Budaun Amarprabhat