Breaking News

राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में बदायूं के स्काउट्स का शानदार प्रदर्शन

Spread the love


बदायूं।
भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्त्वावधान में छत्तीसगढ़ राज्य के जिला बालोद स्थित दूधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में बदायूं जिले के स्काउट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। जंबूरी में स्काउट्स द्वारा आकर्षक पायनियरिंग प्रोजेक्ट तैयार किए गए, जिन्हें खूब सराहना मिली।
उत्तर प्रदेश की ओर से ऐतिहासिक, धार्मिक व प्रमुख तीर्थ स्थलों के साथ-साथ विज्ञान से संबंधित भव्य और आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं में अद्भुत क्षमता और अतुलनीय शक्ति होती है, जिससे असंभव भी संभव हो जाता है। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों को स्वीकार कर महान लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।
भारत स्काउट और गाइड के राष्ट्रीय मुख्यायुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्रहित में लगाएं। युवाओं की शक्ति से ही एक भारत, श्रेष्ठ भारत का निर्माण संभव है। वहीं संस्था के पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग अनुशासित और सुव्यवस्थित जीवन जीने की प्रेरणा देती है तथा युवाओं को देश का श्रेष्ठ नागरिक बनाती है।
जिले के स्काउट सौरभ गौतम, हिमांशु, रोहित गुप्ता, फरदीन अहमद और मुजम्मिल सैफी ने छत्तीसगढ़ के घने जंगलों के बीच 15 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक, धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों की पैदल हाईक पूरी की। इस दौरान उन्होंने रुकने और भोजन की व्यवस्थाएं भी स्वयं कीं तथा कैंप फायर कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन किया।
स्काउट जीवन गोला और अरुण कुमार ने एडवेंचर गतिविधियों में बैज प्राप्त कर जिले को पुनः गौरवान्वित किया। प्रदेश कार्यालय से नौशाद अली और मयंक शर्मा के मार्गदर्शन में हजारों स्काउट और गाइड्स ने एरीना में सामूहिक योगाभ्यास भी किया।
जंबूरी में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, उड़ीसा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, केरल सहित अनेक राज्यों के स्काउट-गाइड्स ने अपनी-अपनी संस्कृति और सभ्यता पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनियां लगाईं, जो सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बारिश से बिल्सी की सड़कों पर जलभराव, कीचड़ और बदबू से नागरिक परेशान

Spread the loveबारिश से बिल्सी की सड़कों पर जलभराव, कीचड़ और बदबू से नागरिक परेशान …

error: Content is protected !!