बिल्सी।
अधिशासी अभियंता सिविल बरेली मोहम्मद जुनेद आलम ने बुधवार को स्थानीय विद्युत उपकेंद्र सहित नगर में स्थापित बड़े ट्रांसफॉर्मरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोहल्ला संख्या आठ स्थित गल्ला गोदाम, देववाणी चौराहा, खैरी बस स्टैंड, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर लगे 250 केवीए और 400 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी कमियों की जानकारी उन्होंने एसडीओ जेपी सिंह राजपूत को देते हुए निर्देश दिए कि समय रहते सभी खामियों को दूर कराया जाए, ताकि आगामी गर्मी के मौसम में विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि विभाग और सरकार की मंशा है कि उपभोक्ताओं को गर्मी के दौरान बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। इसी उद्देश्य से पहले से ही ट्रांसफॉर्मरों और उपकेंद्रों की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य कराए जा रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने संविदा कर्मियों को बिना सुरक्षा उपकरणों के कार्य न करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही लाइन पर कार्य करने के सुरक्षित तरीकों और स्वयं की सुरक्षा को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि से बचा जा सके।
निरीक्षण और प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कई संविदा कर्मी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat