संवाददाता गोविन्द देवल 
बिल्सी। बिल्सी स्थित बिल्सी फ्यूचर लीडर्स स्कूल के कक्षा 7 एवं 8 के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में बिल्सी पुलिस स्टेशन का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था तथा सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
पुलिस स्टेशन पहुंचने पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर वी.के. मौर्य एवं उपनिरीक्षक रचना देशवाल सहित समस्त पुलिस स्टाफ ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। अधिकारियों ने छात्रों को अपराध नियंत्रण, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, कंट्रोल रूम संचालन, वायरलेस संचार प्रणाली, लॉकअप व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, यातायात नियमों तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा जैसे मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की भी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पुलिस अधिकारियों से प्रश्न पूछे, जिनका सरल और प्रेरक उत्तर दिया गया। इस भ्रमण से छात्रों को व्यवहारिक एवं वास्तविक जीवन से जुड़ा ज्ञान प्राप्त हुआ तथा कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित हुई।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इससे सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों की समझ मजबूत होती है।
भ्रमण के दौरान विद्यालय के शिक्षक पीटीआई विश्वदीपक शर्मा, रूबी मौर्य, शिवानी सिंह और प्रीति श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति ने बिल्सी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
Budaun Amarprabhat