उझानी (बदायूं)। यूपी डास्प द्वारा संचालित नमामि गंगे जैविक खेती परियोजना के अंतर्गत शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर उझानी में कृषक गोष्ठी एवं जैविक किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपकृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी बदायूं ने की, जबकि आयोजन कार्यदायी संस्था वायोसर्ट इंटरनेशनल द्वारा कराया गया।
जैविक किसान मेले में जिला परियोजना समन्वयक ने किसानों को रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं सहायक विकास अधिकारी (कृषि) ने जैविक विधि से दीमक और फफूंदनाशी रोगों की रोकथाम के उपाय बताए। नमामि गंगे के जिला प्रभारी लवकुश मिश्रा ने जैविक खेती के माध्यम से फसलों में पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. आर.एस. सिंह ने जैविक फसलों में रोग व कीट नियंत्रण के प्रभावी तरीकों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उपकृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अधिक से अधिक जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए विभाग की ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. सौहाद्र दुबे, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. रोशन सिंह तथा कृषि विभाग के एसएमएस नेकपाल सिंह सहित कई किसान एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat