

बदायूं | संवाददाता: गोविंद देवल।
जनपद में नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद पुलिस लाइन पहुंचने पर उन्हें पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने नवागत एसएसपी का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने भी उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र कुमार द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat