बदायूं | संवाददाता: 
थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने चार्ज संभालने के तुरंत बाद जिलाधिकारी अवनीश राय के साथ घटनास्थल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने प्लांट परिसर का निरीक्षण कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने एचपीसीएल प्लांट परिसर में नई पुलिस चौकी स्थापित करने के आदेश दिए। चौकी पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो उपनिरीक्षक और आठ आरक्षियों की तैनाती की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच तेजी से कराई जा रही है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
Budaun Amarprabhat