Breaking News

जनगणना-2027 की तैयारी तेज, डायट में फील्ड ट्रेनर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण

Spread the love

बदायूं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के ऑडिटोरियम में जनगणना-2027 के लिए जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण 18 मार्च तक चलेगा, जबकि तृतीय बैच का प्रशिक्षण 23 से 25 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा ने बताया कि जनगणना-2027 में पहली बार स्व-गणना की व्यवस्था लागू की गई है, जिसके माध्यम से परिवार स्वयं एचएलओ से संबंधित विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। प्रगणकों को स्व-गणना से भरे गए डाटा को सबमिट करने से पहले उसकी जांच करनी होगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। प्रथम चरण में वर्ष 2026 में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना होगी, जबकि दूसरे चरण में वर्ष 2027 में जनसंख्या की गणना की जाएगी। मकान सूचीकरण के माध्यम से मकानों की स्थिति, सुविधाएं और परिसंपत्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है, जिससे जनसंख्या गणना के लिए आधार तैयार होता है।
उन्होंने बताया कि इस बार ‘सेन्सस-2027 एचएलओ मोबाइल ऐप’ के माध्यम से डिजिटल डाटा संग्रह किया जाएगा। एचएलओ का आशय मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डाटा नैतिकता, गोपनीयता, सुरक्षा, मोबाइल व वेब ऐप के उपयोग, समस्याओं के समाधान तथा जनगणना की प्रक्रिया, परिभाषाएं, हाउस लिस्टिंग, लेआउट मैप और आंकड़ा संकलन की विधियों की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स एसके इंटर कॉलेज के अध्यापक बृजेन्द्र कुमार और एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज के सहायक प्रोफेसर सत्यम मिश्रा ने बताया कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इससे प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन करती है, इसलिए जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और सावधानी से संपन्न करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर्स को हाउस लिस्टिंग व हाउस नंबरिंग की प्रक्रिया, परिवार विवरण अंकन, भवनों के चिन्हांकन तथा लेआउट मैप तैयार करने की विधि का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रपत्रों को सही तरीके से भरने और सूचनाओं के सत्यापन से संबंधित जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

सीएम योगी से मिले विधायक महेश गुप्ता, पार्क, स्कूल और फायर स्टेशन समेत कई मांगें रखीं

Spread the loveबदायूं शहर में सार्वजनिक पार्क बनाने व ग्रामीण क्षेत्रों में नए राजकीय हाईस्कूल …

error: Content is protected !!