लखनऊ/गाजीपुर (संवाददाता गोविंद देवल)। “द कोटा ग्लोबल स्कूल, बाघी नन्दगंज गाजीपुर” शिक्षा के साथ संस्कारों को जोड़ते हुए 28 मार्च को अपना वार्षिक महोत्सव एवं सम्मान समारोह भव्य और गरिमामय अंदाज में आयोजित करने जा रहा है। खास बात यह है कि विद्यालय अपने स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने का जश्न भी इस अवसर पर मनाएगा।
विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम में संतों, अधिकारियों और क्षेत्र के प्रतिष्ठित गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति इसे और भी खास बनाएगी।
मुख्य अतिथि के रूप में संत भोला बाबा (महंत, श्री गंगदास आश्रम बयपुर) शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में सत्यानन्द यति महाराज (महंत, मौनी बाबा मठ चांडीपुर) और त्रिवेणी महाराज (महंत, मां चकेरी धाम) कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इसके साथ ही पूर्व डीआईजी बलिकरन यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता रणजीत सिंह और श्री कीना राम बाबा मठ के संरक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए प्रेरणादायी रहेगा।
विद्यालय परिवार की ओर से चेयरमैन अभयनाथ सिंह यादव, प्रबंधक सुजीत यादव एवं प्रिंसिपल पुनीता सिंह के नेतृत्व में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को यादगार बनाने के लिए हर स्तर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस महोत्सव में बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति, सामाजिक मूल्यों और परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे। नृत्य, नाटक और गीतों के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार की झलक भी देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण होनहार विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों का सम्मान भी रहेगा। यह पहल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभिभावकों की भूमिका को सम्मान देने का सराहनीय प्रयास है।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों, शिक्षाविदों एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजनों से कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। यह आयोजन न केवल एक वार्षिक समारोह होगा, बल्कि बच्चों के सपनों को उड़ान देने वाला प्रेरणादायी मंच भी साबित होगा।
Budaun Amarprabhat