अंतर जनपदीय भारोत्तोलन, योगा व पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ, बदायूं के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन में गुरुवार को दमखम और फिटनेस का शानदार संगम देखने को मिला, जब अंतर जनपदीय भारोत्तोलन, योगा एवं पावर लिफ्टिंग (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में बरेली जोन के 9 जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें करीब 150 खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने किया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक नगर/लाइन रजनीश कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी रामराजा यादव सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह ने किया।
पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। 53 किलोग्राम भारवर्ग में बदायूं के रोहित ने प्रथम स्थान हासिल किया। 66 किलोग्राम भारवर्ग में बदायूं के विशाल तोमर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि रामपुर के जितेंद्र दूसरे स्थान पर रहे।
74 किलोग्राम वर्ग में रामपुर के शेखर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सम्भल के स्वयं प्रकाश दूसरे स्थान पर रहे। वहीं 83 किलोग्राम भारवर्ग में बरेली के सुमित ने प्रथम और सम्भल के अमित कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य पुलिस बल में फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रतिभाओं को निखारना बताया गया।
Budaun Amarprabhat