बीएड प्रशिक्षुओं ने बसाया तंबुओं का शहर, श्रेष्ठ टोलियों को किया गया सम्मानित
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। नेहरू मेमोरियल शिवनारायण दास पीजी कॉलेज में भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में चल रहे बीएड प्रशिक्षुओं के पांच दिवसीय स्पेशल इंट्रोडक्टरी कोर्स का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने तंबुओं का शहर बसाकर आकर्षक गेट और रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. मोहनलाल मौर्य ने स्काउट ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ संस्कारों से ही मानव में देवत्व का उदय होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सक्सेना ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए चुनौतियों को स्वीकार कर संघर्ष करना आवश्यक है।
जिला आयुक्त रोवर प्रो. मनवीर सिंह ने नैतिक मूल्यों और समय की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि इससे ही लक्ष्य की प्राप्ति संभव है। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानकर राष्ट्रहित में उपयोग करने की प्रेरणा दी।
प्रतियोगिता में ‘भारत माता टोली’ ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया, जबकि ‘रानी लक्ष्मीबाई टोली’ द्वितीय और ‘स्वामी विवेकानंद टोली’ तृतीय स्थान पर रही। विजेता टोलियों की घोषणा डॉ. आशीष गुप्ता ने की, जबकि सर्वश्रेष्ठ गाइड के रूप में राधिका शर्मा और सर्वश्रेष्ठ स्काउट के रूप में अनिकेत को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. बैकुंठ नाथ शुक्ला, डॉ. जीवन सारस्वत, डॉ. सुषमा रानी, डॉ. नंद गोपाल, डॉ. सूरज कुमार, डॉ. लक्ष्य चौधरी, डॉ. रवि भूषण पाठक, डॉ. गौरव रस्तोगी, डॉ. संदीप नायक, डॉ. शैलेंद्र कबीर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीएड प्रशिक्षु राधिका शर्मा और अनिकेत द्वारा किया गया।
Budaun Amarprabhat