18 अप्रैल को न्यूरिया में कार्यक्रम, प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा
संवाददाता:, पीलीभीत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 अप्रैल को पीलीभीत दौरे पर आ रहे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह दौरा जनपद के हजारों विस्थापित परिवारों के लिए बड़ी सौगात लेकर आने वाला माना जा रहा है।
न्यूरिया में बनेगा हेलीपैड
मुख्यमंत्री के आगमन के लिए न्यूरिया स्थित शिवमुक्ति धाम मंदिर परिसर को चयनित किया गया है, जहां उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। इसके लिए अस्थायी हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
विस्थापित परिवारों को मिलेगा मालिकाना हक
इस दौरे का सबसे अहम पहलू यह है कि मुख्यमंत्री स्वयं हजारों विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र वितरित करेंगे। जनपद में लंबे समय से ऐसे परिवार अपने जमीन के कानूनी अधिकार का इंतजार कर रहे थे।
प्रशासन के अनुसार, इस पहल से लाभार्थियों को अपनी भूमि पर वैध मालिकाना हक मिलेगा और वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
भव्य आयोजन की तैयारी
अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं। आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
इस निर्णय से विस्थापित परिवारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और उन्हें लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष के समाप्त होने की उम्मीद जगी है।
Budaun Amarprabhat